हल्द्वानी के यू-ट्यूबर सौरभ जोशी से भाऊ गैंग ने पांच करोड़ की रंगदारी मांगी है। गैंग की ओर से सौरभ को भेजे गए ईमेल में पांच करोड़ रुपये नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी है। यू-ट्यूबर की शिकायत पर पुलिस ने भाऊ गैंग पर रंगदारी और धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग करा चुका है गैंग
यू-ट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव भी भाऊ गैंग के निशाने पर आ चुके हैं। 18 अगस्त 2025 दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एल्विश के घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। इसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और उसके साथी नीरज फरीदपुरिया ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर ली थी। गोली चलाने वाले दो युवकों के नाम भी सार्वजनिक किए गए थे। फायरिंग की वजह ऑनलाइन सट्टे का प्रचार करना बताया गया था।
सट्टे का प्रमोट करने वालों को गैंग की धमकी
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग के बाद भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया में लिखा था कि इसने सट्टे का प्रचार कर कई घर बर्बाद किए हैं। अब सभी सोशल मीडिया वालों के लिए चेतावनी है कि यदि किसी ने सट्टे का प्रमोशन किया तो उसके पास कभी भी फोन या गोली पहुंच सकती है। तैयार रहो। सौरभ को धमकी मिलना ऑनलाइन सट्टे का प्रमोट करने से भी जोड़ा जा रहा है।
18 मुकदमे दर्ज हैं भाऊ पर
कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ ने मात्र 22 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा। उसके ऊपर हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और राजस्थान में रंगदारी, हत्या, अपहरण व धमकी की धारा में 18 मुकदमे दर्ज हैं। भाऊ के गिरोह में 18 साल तक के युवाओं के जुड़ने के संकेत पुलिस को मिले हैं।