नैनीताल। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नगर के बीडी पांडे अस्पताल में प्रबंधन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार से अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ अब एक ही तीमारदार मौजूद रहेगा। तीमारदार को भी कोरोना जांच करानी होगी।
कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही तीमारदार को अस्पताल के अंदर जाने दिया जाएगा। तीमारदार को एक पास दिया जाएगा। जिसे दिखाकर वह अस्पताल में प्रवेश कर पाएगा। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे संक्रमण फैलने की संभावना भी कम रहेगी। साथ ही जांच में संक्रमितों की जानकारी मिल जाएगी।