डाक टिकट प्रदर्शनी के दौरान मां पाषाण देवी मंदिर का पोस्ट कार्ड लेते मंदिर के मुख्य पुजारी जगदी
नैनीताल। मल्लीताल स्थित शैले हॉल में आयोजित दो दिवसीय डाक टिकट प्रदर्शनी के दूसरे दिन नैनीताल के ठंडी सड़क स्थित मां पाषाण देवी मंदिर का पोस्ट कार्ड जारी किया गया। प्रतियोगिता में अव्वल रहे विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
रविवार को शैले हॉल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके बाद आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में रिया पहले, हिमानी आर्य दूसरे, कनिष्का तीसरे स्थान पर रहीं। स्टैंप डिजाइन स्पॉट पेंटिंग में जयजीत प्रथम, नेंसी अधिकारी द्वितीय, तवीसा पवार तृतीय रहीं। प्रश्नोत्तरी में विनोद पुलारिया पहले, दुर्गाशा जैन दूसरे, ऋषिका शाह तीसरे स्थान पर रहीं। फिलेटली प्रदर्शनी में कनिष्का भगत पहले, दुर्गाशा जैन और कृता त्रिपुरारी दूसरे, राधेश पंत तीसरे स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि चीफ पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर, निदेशक डाक सेवाएं अनुसूया प्रसाद, प्रवर अधीक्षक डाकघर नैनीताल अमित दत्त, वरिष्ठ फिलेटलिस्ट पुरुषोत्तम लोधा ने पुरस्कृत किया। मंदिर के पुजारी जगदीश चंद्र भट्ट ने बताया भारतीय डाक विभाग की एक टीम केंद्र सरकार से अनुमति लेकर हाल ही में मंदिर पहुंची थी। टीम ने मंदिर का निरीक्षण कर इसकी तस्वीर पोस्टकार्ड में शामिल करने की सहमति मांगी। बताया कि मां की मूर्तियां एक पत्थर में बनी हुई हैं जिसके चलते मंदिर का नाम पाषाण देवी है। यहां हेड पोस्ट ऑफिस मल्लीताल के पोस्टमास्टर चंदन सिंह बिष्ट, शशि शेखर, फिलेटलिस्ट संजय, डिजाइनर लोकेश सिंह, मोहित कुमार आदि मौजूद रहे।