हल्द्वानी। शहर के हीरानगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को कार में खरोंच आने से गुस्साए चालक ने बाइक सवार को पहले टक्कर मारी और फिर उसकी पिटाई कर दी। आरोपी ने बाइक सवार को कुचलने का भी प्रयास किया।
हीरानगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पर्वतीय उत्थान मंच के पास बनभूलपुरा के लाइन नंबर एक निवासी सलीम खान मुखानी से जेल रोड जा रहे थे। उनकी बाइक से कार पर खरोंच लग गई। कार चालक नाराज हुआ और बाइक का पीछा किया। जेल रोड पर उसने बाइक को टक्कर मारी और कुचलने की कोशिश की। बाइक सवार नाली में गिर गया। राहगीरों ने उसे निकाला। कार चालक इतने में भी संतुष्ट नहीं हुआ और उसने सलीम को पीट दिया। इसके बाद वह भाग गया। कोतवाल राजेश कुमार का कहना है कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी पर कार्रवाई की जाएगी।