रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने मोबाइल चोरी, हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ग्राम टेड़ा निवासी चंद्रशेखर जोशी की मोबाइल फोन की दुकान मोहल्ला घासमंडी में है। मोहल्ला रेलवे पड़ाव निवासी मो. शादाब 24 जुलाई को उनकी दुकान पर आकर मोबाइल देख रहा था। इसी बीच मोबाइल चोरी कर वह भागने लगा तो खुद को छुड़ाने के लिए आरोपी ने धारदार हथियार से वार कर दुकान स्वामी को घायल कर दिया था।
चंद्रशेखर की तहरीर पर पुलिस ने धारा 379, 324 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की। एसआई कश्मीर सिंह ने शनिवार रात उसे रामनगर ट्रक यूनियन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त सर्जरी ब्लेड भी बरामद किया। बताया कि शादाब एक पेशेवर अपराधी है। रामनगर कोतवाली में उसके खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं।