नाशपाती के बोरों में लाखों का बिरोजा, तारपीन मिला
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ से नाशपाती के बोरों में भरकर तस्करी कर ला रहे बिरोजा, लीसा को वन टीम ने चेकिंग के दौरान बरामद किया है। बरामद लीसा, बिरोजे की कीमत छह लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। टीम ने कैंटर को सीज कर दिया है लेकिन चालक-हेल्पर मौके से फरार हो गए हैं।
मनोरा रेंज अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि पहाड़ से लीसा तस्करी की सूचनाएं मिल रही थी। इस पर उन्होंने रविवार की सुबह रानीबाग बैरियर पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच अल्मोड़ा मार्ग से आता एक कैंटर यूके 04 सी 7975 आता दिखाई दिया। बैरियर पर चेकिंग होती देख चालक, हेल्पर कैंटर को बैरियर से पहले कुछ दूरी पर छोड़ कर फरार हो गए।
इस पर वन टीम को शक हुआ। टीम ने वाहन को कब्जे में ले लिया और सुल्तान नगरी डिपो ले आई। जब टीम ने कैंटर की तलाशी ली तो दंग रह गई, वाहन में नाशपाती के 56 बोरे लदे थे इनकी आड़ में 32 ड्रम बिरोजा, छह ड्रम तारपीन को छिपाया गया था।
बाजार में इसकी कीमत करीब छह लाख रुपये है। टीम ने बिरोज व तारपीन को कब्जे में ले लिया है और वाहन को सीज कर दिया है। अब वाहन स्वामी का पता लगाकर तस्करी की पोल खोली जा रही है। साथ ही यह वन विभाग यह पता लगाने में लग गया है कि यह माल कहां से आया था और कहां को जा रहा था। बिरोजा पकड़ने वाली टीम में डिप्टी रेंजर आनंद लाल, सुरेश जोशी, राजेंद्र सिंह करायत आदि थे।
नाशपाती की आड़ में बिरोजा की तस्करी की जा रही थी, जिसे वन टीम ने पकड़ा है। तस्कर हत्थे नहीं चढ़े हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। वाहन को सीज कर दिया गया है।
- धर्म सिंह मीणा, प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल