सेना भर्ती की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेती संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय। संव?
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र में 15 फरवरी से प्रस्तावित सेना की खुली भर्ती की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग, कैंट बोर्ड, पुलिस और सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर भर्ती व्यवस्था की समीक्षा की। तय हुआ कि अभ्यर्थियों को 72 घंटे पूर्व की कोरोना जांच रिपोर्ट अपने जिले या तहसील से ही लानी होगी।
बता दें कि एआरओ पिथौरागढ़ की तरफ से 15 फरवरी से सेना की ओपन भर्ती रैली होगी। इसके लिए प्रशासन स्तर पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार कुमाऊं के सभी जिलों की तहसीलवार भर्ती होगी, जो 10 मार्च तक चलेगी। भर्ती में आने वाले युवाओं को किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों और सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। तय हुआ कि नगर में छावनी परिषद की तरफ से अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे। पुलिस कानून व्यवस्था संभालेगी।
युवाओं के साथ किसी भी तरह की लूट या धोखाधड़ी न हो इसके लिए भी पुलिस को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि कानून व्यवस्था पर प्रशासन पूरी नजर रखेगा। भर्ती से पहले अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। बैठक में एआरओ पिथौरागढ़ के कर्नल भास्कर तोमर, राजकीय अस्पताल के सीएमएस डॉ. केके पांडेय, छावनी परिषद के स्वच्छता निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, कोतवाल राजेश यादव, एसएसआई फिरोज आलम आदि थे।