हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में सैन्य कर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर निवासी सैन्यकर्मी राकेश मौर्या ने रामपुर जिले के खमेरी विकासपुर निवासी दिव्या रानी के साथ प्रेम विवाह किया था। दिव्या रानी भोटिया पड़ाव क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर एमबीपीजी कॉलेज से बीएससी कर रही थी। दिव्या रानी ने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली थी।
उसकी मां विजय लक्ष्मी ने दामाद राकेश के खिलाफ 14 सितंबर 2021 को कोतवाली में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि राकेश ने पत्नी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर प्रताड़ित किया। पति की वजह से उसने आत्महत्या की थी। मुकदमे की विवेचना सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी कर रहे थे। सैन्य कर्मी ने पुलिस के समक्ष दहेज की बात से इनकार किया है।