पिथौरागढ़ पुलिस टीम ने ठगी के आरोपी को उत्तर प्रदेश बदायूं से बरामद किया।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। फेसबुक के माध्यम से कस्टम विभाग के नाम से लाखों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी को पिथौरागढ़ पुलिस ने बदायूं से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मुवानी निवासी कुलदीप आर्या ने 18 फरवरी 2022 को थल थाने में तहरीर दी थी। इस आधार पर पुलिस ने धारा 420 और 66 (डी)और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि 14 जनवरी 2022 को उनकी फेसबुक मित्र ग्रेस पीटरसन (यूनाइटेड किंगडम) के माध्यम से कस्टम विभाग के लिए रजिस्टर चेक करने और विभिन्न प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर 14 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। एसपी लोकेश्वर सिंह के निर्देश के बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डीडीहाट हिमांशु पंत के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। कोतवाली पिथौरागढ़, थाना थल और एसओजी की संयुक्त टीम ने थाना बबिसौली जिला बदायूं के ग्राम धनपुरा निवासी आरिम खान को ग्राम धनपुरा के रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिमकार्ड बरामद किया है।