रेलवे सुरक्षा बल की स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने रुद्रपुर के काशीपुर रोड स्थित आदर्श कालोनी में छापामार कार्यवाई कर अवैध रूप से तत्काल टिकट की ब्लैक मेलिंग करने वाले दो सगे भई अंशुल छाबड़ा व शिवम छाबड़ा को हिरासत में लेकर 143 रेलवे एक्ट के तहत चालान किया है।
नगर व कस्बों में खुले साइबर कैफे में इन दिनों तत्काल टिकटों की ब्लैक मेलिंग का कारोबार जमकर फलफूल रहा है। रेल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एक तत्काल टिकट के एवज में एक हजार रुपये का मुनाफा वसूला जाता है। हालांकि इस काम को अंजाम देने में रेलवे टिकट काउंटर में तैनात बाबू की संदिग्धता से भी इंकार नही किया जा रहा है।
रेल विभाग का कहना है कि पीआरएस में तैनात टिकट बाबू की कार्यप्रणाली पर विशेष नजर रखी जाती है। मसलन मंडल स्तर के अलावा स्पेशल टीम द्वारा समय समय पर छापामारी की जाती है। हर तरफ से शिकंजा कसे जाने के बावजूद भी ब्लैक मेलिंग से जुडे़ लोग सौदेबाजी में लग हुए हैं। आरपीएफ को लगातार मिल रही सफलता के बावजूद मोटे मुनाफे के चक्कर में युवा इस अवैध कारोबार में अपना कॅरियर तलाश रहे है।