नौकरी करने अफ्रीका गया रामनगर का एक शख्स वहां गंभीर रूप से बीमार हो गया है। लक्की मेहरोत्रा नाम के इस शख्स को वहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लक्की के परिजनों ने राज्य और केंद्र सरकार से मदद मांगी है।
अफ्रीका के गांबिया में अस्पताल में भर्ती बीमार युवक को एयर एंबुलेंस से भारत लाने की गुहार उसकी पत्नी व बच्चों ने सरकार से की। इस संबंध में महिला ने एसडीएम के माध्यम से डीएम नैनीताल को भी पत्र भेजने की बात कही है।
विज्ञापन
सोमवार को पत्रकार वार्ता में मोहल्ला बंबाघेर निवासी प्रिया मेहरोत्रा ने बताया कि उसके पति लक्की मेहरोत्रा एक साल से अफ्रीका के गांबिया में एक कंस्ट्रक्शन की दुकान में नौकरी करते हैं। तीन माह पहले बुखार आया था, तब डॉक्टरों ने मलेरिया होना बताया था। एक माह के भीतर फिर से दौरे पड़े और अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। अब वहां के डॉक्टर फेफड़े व किडनी में इंफेक्शन होने की बात कह रहे है। वहां पर चिकित्सा सुविधा बेहतर नहीं है, ऐसे में उन्हें आईसीयू में रखा गया है। अफ्रीका के डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भारत ले जाने की सलाह दी है।
आर्थिक रूप से कमजोर महिला ने कहा कि इस समय उसके पति जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे है। उन्होंने भारत सरकार से गुहार की है कि एयर एंबुलेंस के माध्यम से उसके पति को अफ्रीका से दिल्ली लाया जाए जिससे उनका बेहतर इलाज हो सके। महिला ने कहा कि बिना एयर एंबुलेंस के माध्यम से उसके पति को भारत लाना संभव नहीं है इसलिए भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई है।