हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसी महिला से छेड़छाड़ के मामले में भोटिया पुलिस चौकी में पुलिस ने आरोपी से माफी मंगवा दी। इस घटना से आरोपी भड़क गया और उसी दिन घर पहुंचते ही आरोपी ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि कलावती कॉलोनी निवासी एक महिला ने तहरीर देते हुए बताया कि पड़ोस में एक युवक किराये पर रहता है। काफी समय से उसका महिला के घर आना जाना था। महिला उसे अपने बेटे जैसा मानती थी। 18 दिसंबर की शाम महिला छत पर बैठी थी, तभी आरोपी नशे में आकर उनसे छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला से मारपीट कर दी और उनके घर में रखी नकदी लेकर भाग गया। शिकायत के बाद भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में आरोपी ने महिला से माफी मांगी। साथ ही आगे से गलती न करने की बात कही। घर पहुंचते ही आरोपी महिला की छत पर पहुंचा और जानलेवा हमला करते हुए मारपीट कर दी। घटना में महिला को गंभीर चोटें आईं हैं। चौकी में बुलाने से आरोपी भड़क गया। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।