कालाढूंगी में सासंद का स्वागत करते कार्यक्रता
- फोटो : KALADUNGI
हल्द्वानी। सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जमरानी बांध से जुड़े सभी अड़चनों को दूर किया जा चुका है। अब विस्थापन का विषय है, उम्मीद है कि विस्थापन से जुड़ी प्रक्रिया एक से तीन महीने के अंदर पूरी हो जाएगी, इसके बाद जमरानी बांध निर्माण से जुड़े कार्य शुरू हो जाएंगे। बांध निर्माण के संबंध में एडीबी की टीम भी जल्द ही दौरा करने आएगी।
कुसुमखेड़ा स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सीएए को लेकर पांच जनवरी को हरिद्वार और केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ हल्द्वानी में प्रेस वार्ता करेंगे। अन्य जिलों में अन्य मंत्री रहेंगे। पूर्व सीएम हरीश रावत के राजनीति से संन्यास लेने की बात पर उन्होंने कहा कि अगर वह पूरी तरह तृप्त होकर पूर्ण होकर और स्वेच्छा जा रहे हैं, तो कोई बात नहीं है, अगर स्वेच्छा नहीं जा रहे हैं यह सोचने वाली बात है। किसके कारण वह जा रहे हैं?
कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि जमरानी मुद्दा उनकी प्राथमिकता था, जिसके लिए आंदोलन भी किए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद अजय भट्ट ने सपनों को साकार किया है। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद अजय भट्ट व पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट का भव्य स्वागत किया। जिला अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया ने भी संबोधित किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह बिष्ट, हेमंत द्विवेदी, कमलनयन जोशी, प्रताप बोरा, रेवाधर बृजवासी, सुरेश गौड़, भुवन भट्ट, हेमंत भट्ट आदि मौजूद थे।