हल्द्वानी से नैनीताल व निकटवर्ती क्षेत्रों की झीलों तथा हिमालय के दर्शन की हेली टैक्सी सेवा के सफल संचालन से उत्साहित कुमाऊं मंडल विकास निगम ने सोमवार से हल्द्वानी से मुनस्यारी के लिए भी हैलीकाप्टर सेवा प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इस सेवा से कुमाऊं के दूरदराज के क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ने का प्रयोग भी हो सकेगा।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि यह सेवा सोमवार को 11 बजे हल्द्वानी गौलापार हैलीड्राम से चलेगी। इस सेवा में प्रति सीट किराया पंद्रह हजार रुपये तथा साढ़े चौदह प्रतिशत टैक्स होगा। इस सेवा में मुनस्यारी में एक घंटे का हाल्ट भी होगा जिससे पर्यटक वहां फोटोग्राफी का आनंद ले सकेंगे।
इस सेवा के तहत स्थानीय नागरिकों व कारोबारियों को भी आकर्षित करने के लिए इसमें एकतरफा यात्रा का भी प्रावधान है। इसका किराया आठ हजार रुपये के साथ अलग से टैक्स शामिल है। इससे यात्री हल्द्वानी से केवल मुनस्यारी या मुनस्यारी से हल्द्वानी एक तरफा आना-जाना भी कर सकते हैं।
मर्तोलिया ने बताया कि इस सेवा के दौरान यात्रियों को देवभूमि कुमाऊं की झीलों, झरनों तथा हिमालय की चोटियों के आकर्षक विहंगम दृश्य देखने को मिलेंगे। हल्द्वानी व मुनस्यारी के बीच विभिन्न शहरों का भी हवाई नजारा देखने को मिलेगा। हल्द्वानी से नैनीताल झील दर्शन योजना को भविष्य में जारी रखा जाएगा।
इसका बहुत अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। हालांकि शनिवार को कोहरे के कारण उड़ान नहीं हुई किंतु सामान्य परिस्थितियों में यह जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मुनश्यारी की हवाई सेवा को भविष्य में नियमित रूप से चलाने तथा इसे पिथौरागढ़ तक विस्तारित करने का निर्णय यात्रियों के इस सेवा के रिस्पांस के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस सेवा को भी यूटी एयर के हैलीकाप्टर द्वारा संचालित किया जाएगा। श्री मर्तोलिया ने बताया कि यदि सेवा सफल रही तो कुमाऊं के दूरस्थ स्थानों को हवाई सेवा से जोड़े जाने का प्रयोग भी संभव हो सकेगा।