नैनीताल के पंत पार्क में फड़ कारोबारियों का समान जब्त करते पालिका की टीम।
- फोटो : NAINITAL
नैनीताल। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को मल्लीताल बैंड स्टैंड और पंत पार्क में अवैध रूप से लगाए गए फड़ों को हटा दिया। कई फड़ व्यवसायियों का सामान भी जब्त कर लिया। अभियान चला रही टीम के साथ कारोबारियों की तीखी झड़प भी हुई। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि वह दोबारा फड़ न लगाएं। फड़ लगाए तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने नौ मई को विभिन्न विभागों के अधिकारियों को टीम गठित कर बैंड स्टेंड व पंत पार्क समेत आसपास के क्षेत्रों में लगे अवैध फड़ों को हटाने के निर्देश दिए थे। बुधवार को एसडीएम प्रतीक जैन के नेतृत्व में पालिका व पुलिस की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर फड़ कारोबारियों के लाइसेंस चेक किए। इस दौरान जिसके पास लाइसेंस नहीं मिला उसका सामान जब्त कर लिया गया। एसडीएम ने नैनीझील की तरफ लगने वाले फ़ड़ों को भी हटा दिया। अधिकारियों ने बैंड हाउस के सामने लगे खाद्य सामग्री के फड़ों का सामान भी जब्त करा दिया। चेकिंग के दौरान मौके से छह अवैध सिलेंडर भी पकड़े गए। एसडीएम जैन ने वैध कारोबारियों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार नवाजिश खलिक, सीओ संदीप नेगी, कोतवाल प्रीतम सिंह, एसओ रोहिताश सिंह सागर, एसआई बबीता, पालिका सफाई निरीक्षक कुलदीप कुमार, हिमांशु चंद्रा और शिवराज नेगी मौजूद रहे।
-------
जूम लैंड के सामने कूड़ा देख पालिका कर्मियों को लगाई फटकार
नैनीताल। निरीक्षण के दौरान जूम लैंड के सामने कूड़ा फैला देख एसडीएम प्रतीक जैन ने पालिका कर्मियों को फटकार लगाई और जल्द से जल्द कूड़ा हटाने के निर्देश दिए। कहा दोबारा ऐसी लापरवाही बरती तो ईओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कैपिटल सिनेमा के सामने रखे सामान को भी जब्त करने के निर्देश दिए। पालिका कर्मियों ने सामान जब्त कर लिया।
----------------
फोटोग्राफरों पर भी बरसे एसडीएम
नैनीताल। झील किनारे काउंटर लगाकर हिमाचली ड्रेस लटकाने पर एसडीएम ने फोटोग्राफरों को भी फटकार लगाई। फोटोग्राफरों को झील किनारे से उनके काउंटर हटाने के निर्देश दिए। कहा कि झील किनारे अतिक्रमण कर झील की सुंदरता को खत्म किया जा रहा है।
----------------
टीम के जाते ही फिर सज गईं दुकानें
नैनीताल। एसडीएम के निरीक्षण के दौरान फड़ कारोबारियों में भगदड़ मच गई। चेतावनी के बाद फड़ कारोबारियों ने अपनी दुकानें हटा दीं। टीम के जाते ही लोगों ने फिर मनमानी करते हुए दुकानें सजा दीं।
कोट
- पंत पार्क क्षेत्र का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। अवैध रूप से जिसकी भी दुकानें झील की ओर या झील के किनारे लगी मिलेंगी हटा दी जाएंगी। पालिका कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
- प्रतीक जैन उपजिलाधिकारी नैनीताल।