नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में विधानसभा में शक्ति परीक्षण संबंधी अहम प्रकरण की सुनवाई के चलते बुधवार को यहां देश के जाने माने अधिवक्ताओं तथा प्रदेश के नेताओं व विधायक भारी तादाद में उपस्थित थे। मामले के महत्व को देखते हुए विभिन्न इलेक्ट्रानिक न्यूज चैनलों की ओबी वैन लाइव टेलीकास्ट के लिए यहां पहुंची हुई थी। वरिष्ठ अधिवक्ताओं तथा नेताओं को लाने ले जाने के लिए हैलीकाप्टरों ने भी नैनीताल के दस से ज्यादा चक्कर लगाए। वीआईपी आवागमन तथा हाईकोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए पूरे शहर व हाईकोर्ट में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात था।
यहां पहुंचने वाले जाने माने अधिवक्ताओं में केंद्रीय अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी, अभिषेक मनु सिंघवी, एडिशनल सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, मनिंदर सिंह चड्ढा, नलिन कोहली, कपिल सिब्बल के पुत्र अमित सिब्बल, पद्मा लक्ष्मी, हरीन रावल, देवादत्त कमत, देवेंद्र सिंह बोहरा, रजत नैर, प्रभास बजाज, दिनेश द्विवेदी, अमित सिंह चड्ढा शामिल थे।
बुधवार को यहां पहुंचने वाले विधायकों व नेताओं में इंदिरा हृदयेश, साकेत बहुगुणा, बलराज पासी, बिशन सिंह चुफाल, अजय भट्ट, राजकुमार ठुकराल, हरभजन सिंह चीमा आदि शामिल थे। वरिष्ठ अधिवक्ताओं तथा नेताओं को लाने ले जाने के लिए हैलीकाप्टरों ने भी नैनीताल के दस से ज्यादा चक्कर लगाए, जिससे दिन भर यहां आकाश में हैलीकाप्टर मंडराते रहे।
अधिकांश हैलीकाप्टर सेंट जोसेफ कालेज के मैदान पर तथा शेष कैलाखान हैलीपैड पर उतरे। मामले के चलते वीआईपी आवागमन व हाईकोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए पूरे शहर सहित कोर्ट परिसर में भारी तादाद में पुलिस तैनात की गई थी। हाईकोर्ट में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की तलाशी की जा रही थी।