हल्द्वानी। एक महिला के साथ रोडवेज बस अड्डे के पास होटल में ठहरे पशुपालन विभाग के प्रशासनिक अधिकारी दिनेश लाल आर्य की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। महिला ने कोतवाली पुलिस को बताया कि दिनेश लाल आर्य ने रात में शराब पीने के बाद दवा खाई थी। सुबह वह मृत मिले।
चमोली जिले के बूंगा थराली के मूल निवासी 55 वर्षीय दिनेश लाल आर्य भीमताल में पशुपालन विभाग में प्रशासनिक अधिकारी थे। बुधवार की सुबह कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश लाल की होटल में मौत हो गई है। पूछताछ से पता चला कि दिनेश लाल आर्य मंगलवार की शाम महिला के साथ होटल में कमरा नंबर 114 में ठहरे थे। महिला ने ही होटल कर्मियों को दिनेश लाल की मौत की सूचना दी थी। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि महिला के अनुसार शराब पीने के बाद दिनेश लाल ने हृदय रोग की दवा खाई थी। घटना की जानकारी मिलने पर दिनेश लाल के बेटे और पत्नी भी पहुंच गए। कोतवाल का कहना है कि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। महिला को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।