रामनगर (नैनीताल)। नगर में बढ़े अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। इसे सुधारने के लिए पुलिस, पालिका, स्थानीय प्रशासन ने बृहस्पतिवार को नगर में संयुक्त अभियान चलाया। अस्थायी अतिक्रमण हटाकर अतिक्रमणकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही रानीखेत रोड पर सुचारु यातायात में बाधक बने आड़े-तिरछे खडे़ फड़, खोखे हटाए गए।
एसडीएम पारितोष वर्मा, एआरटीओ विमल पांडेय, सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल विक्रम सिंह राठौर, एसएसआई कविंद्र शर्मा, एनएच के एई विश्वकर्मा, जेई बीसी मुरारी, धन सिंह खत्री, पटवारी हरीश यादव, नगर पालिका के भुवन पांडे बृहस्पतिवार को पुलिस बल के साथ रानीखेत रोड पर पैदल घूमे।
इस संयुक्त टीम ने नगर के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को हटाया। कई वाहन चालकों के चालान किए गए। रानीखेत रोड पर खड़े पहाड़ी क्षेत्रों की बसों केे संचालकों को बुलाकर बस मुख्य मार्गों से हटवाने को कहा गया।
कार्बेट नेशनल पार्क के गेट, स्वागती कक्ष के बाहर खड़ी जिप्सी स्टैंड को भी हटाने की हिदायत दी गई। वहीं संयुक्त अभियान में बिजरानी गेट आमडंडा पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सीओ लोकजीत सिंह ने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। किसी भी कीमत पर अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।