लालकुआं। बरेली एनएच पर लगातार हो रहे सड़क हादसों और उनमें जान-माल के नुकसान को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित सड़क सुरक्षा समिति ने एनएचएआई, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का आकलन कर तत्काल और दीर्घकालिक उपायों पर सहमति बनाई है। समिति ने पाया कि कई स्थानों पर तेज रफ्तार, अपर्याप्त संकेतक, रात के समय प्रकाश व्यवस्था की कमी तथा सड़क पार करने की सुरक्षित व्यवस्था न होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए एनएचएआई ने तत्काल प्रभाव से कई सुरक्षा उपाय लागू कर दिए हैं। सड़क सुरक्षा समिति ने दीर्घकालिक समाधान के रूप में दो अंडरपास के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया है। एनएचएआई ने इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लागत का स्टीमेट तैयार कर उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए भेज दिया है। समिति ने भी इस प्रस्ताव की संस्तुति कर दी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।