हल्दूचौड़। आवासीय कॉलोनी शिवपुरी में पुराना मकान गिराने के दौरान हादसा हो गया। मकान तोड़ने के दौरान दीवार ढहने से दो मजदूर दब गए। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल का हल्द्वानी में इलाज चल रहा है।
हल्दूचौड़ स्थित शिवपुरी कॉलोनी में आनंद सिंह राणा का मकान बन रहा है। इस बीच कॉलोनी में उनके पुराने मकान को तोड़ा जा रहा था। शुक्रवार को दो मजदूर लिंटर गिराने के बाद मकान की दीवारों को तोड़ रहे थे। इस दौरान एक दीवार भरभराकर गिर गई। दो मजदूर दीवार के मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में लालकुआं हाथीखाना निवासी फईम (26) पुत्र सलीम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वीआईपी गेट दो किलोमीटर निवासी पप्पू पुत्र राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बमुशिकल बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने घायल पप्पू को 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा। सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज अजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का पता चलते ही युवक के घर में कोहराम मच गया।