नैनीताल। नैनीताल-भवाली रोड पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठी युवती को भी चोट आई हैं। युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बुधवार को ढुंगानी श्यामखेत भवाली निवासी रमेश चंद्र (33) अपनी साली सपना को दिखाने बीडी पांडे अस्पताल आया था। अस्पताल में उपचार के बाद वह स्कूटी से वापस श्यामखेत लौट रहे थे। इस दौरान पहाड़ी से आया पत्थर स्कूटी सवार के सिर पर गिर गया। सिर पर हेलमेट होने के बावजूद भी पत्थर से सिर पर गंभीर चोट आ गई और युवक स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। पीछे बैठी सपना भी घायल हो गई। राहगीरों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचित कर घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। डॉ. आयुषी गुप्ता ने बताया कि सिर पर गहरी चोट होने के चलते मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता लग पाएगा। वहीं चोटिल युवती को इलाज दिया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है।