फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शंटिंग के दौरान संपर्क क्रांति के दो डिब्बे डिरेल

Tue, 18 Nov 2014 05:31 AM IST
Nainital
विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर/लालकुआं। बीती रात शंटिंग के दौरान गलत पटरी पर शंटिंग कराने से रामनगर से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के दो डिब्बे (एक एसी चेयर कार और एक सामान्य चेयर कार) पटरी से उतर गए। हालांकि इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सुबह रेलवे के डीआरएम ने रामनगर पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए मामले में तीन रेल कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। डिरेल के चलते रामनगर से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ढाई घंटा देरी से रवाना की गई। इसके अलावा पटरी से डिब्बे उतरने के कारण रामनगर से मुरादाबाद जाने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनें और लालकुआं से मुरादाबाद जाने वाली एक जोड़ी ट्रेन रद करनी पड़ी। इस कारण यात्रियों की फजीहत हुई।
विज्ञापन

रविवार देर रात करीब 1:30 बजे रामनगर रेलवे स्टेशन पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की शंटिंग कराई जा रही थी। गलत लाइन में शंटिंग कराने की वजह से रेल के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। स्टेशन मास्टर रामसुख ने मामले की सूचना तत्काल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के डीआरएम चंद्रमोहन जिंदल सुबह सात बजे रामनगर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए एआरटी क्रेन के जरिए पटरी से उतरे दो डिब्बों को फिर से पटरी पर रखवाया। श्री जिंदल ने बताया कि घटना के दौरान ड्यटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी कांटेवाला मो. यामीन, शंटिंग मास्टर विक्रमादित्य और पोर्टर सुनील कुमार को लापरवाही बरतने का दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त डिब्बों की मरम्मत के चलते हरिद्वार वाली ट्रेन से डिब्बे को फिलहाल के लिए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में जोड़ा गया है। इसके अलावा रामनगर से मुरादाबाद जाने वाली सुबह पौने चार बजे, सात बजे, पौने ग्यारह बजे जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों को रद कर दिया गया है। वहीं सुबह रामनगर आने वाली संपर्क क्रांति को काशीपुर में ही रोक लिया गया। रामनगर से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को 10 बजे के बजाय 12:30 बजे रवाना किया गया। रेल कर्मियों में सीनियर डीएसओ ज्ञानप्रकाश, सीनियर बीएससी मदन सिंह राणा सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद थे। इधर, लालकुआं संवाददाता के मुताबिक रामनगर में डिरेल हुई ट्रेन के कारण लालकुआं से मुरादाबाद जाने वाली एक जोड़ी ट्रेन रद करनी पड़ी। इसके अलावा सुबह 9:50 बजे बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी करीब तीन घंटे की देरी से एक बजे रवाना की गई। वहीं, काठगोदाम-दिल्ली ट्रेन (उत्तरांचल संपर्क क्रांति) ट्रेन भी तकनीकी कारणों की वजह से एक घंटा देरी से लालकुआं जंक्शन पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें