हल्द्वानी। रामपुर रोड पर रामबाग काली मंदिर के सामने सड़क पार करते समय एलआईयू इंस्पेक्टर के पिता को बाइक सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। पुलिस बाइक सवार की तलाश कर रही है।
रविवार शाम लगभग तीन बजे रामबाग निवासी बद्रीदत्त जोशी (79) काली मंदिर के सामने रामपुर रोड पार कर रहे थे। इस बीच हल्द्वानी से पंचायतघर की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में बद्री दत्त लहूलुहान होकर गिर पड़े। सूचना पर परिजनों ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने बाइक सवार की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के शिकार वृद्ध के तीन बेटे हैं। बड़े बेटे मोहन चंद्र जोशी देहरादून में एलआईयू इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। दूसरे नंबर के मदन मोहन जोशी बेतालघाट स्थित एक कालेज में प्रवक्ता हैं। सबसे छोटे गोपाल दत्त जोशी कृषक हैं। बद्रीदत्त जोशी ग्राम पंचायत में हेड क्लर्क के पद से रिटायर्ड हुए थे।