हल्द्वानी। पिछले कई दिनों से शहर में वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है। त्योहार के चलते रोजाना सड़कों पर जाम लग रहा है। रविवार को सुबह से लेकर शाम तक जाम लगता रहा। दोपहर में एसपी सिटी की गाड़ी भी सिंधी चौराहे के पास जाम में फंस गई।
शहर भर में जाम होने के बाद भी चौराहों पर खड़े पुलिसकर्मी सिर्फ चालान काटकर सरकारी खजाना भरने में जुटे हैं। उन्हें यातायात नियंत्रण से कोई मतलब नहीं। बेतरतीब ट्रैफिक उनके सब्जेक्ट से बाहर है। उन्हें सिर्फ ज्यादा से ज्यादा संख्या में चालान काटने का लक्ष्य दिया गया है, जिसे वे पूरा कर रहे हैं। बाजारों में दीवाली तक नो एंट्री होने के बाद भी दोपहिया और ठेलों की भरमार है, जिससे खरीददारों और दुकानदारों को भी भारी दिक्कत हो रही है। एसएसपी विम्मी सचदेवा ने बताया कि रविवार को सारा फोर्स कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में लगा था। जिस कारण शहर में फोर्स कम रहा। सोमवार से दीवाली तक पूरा फोर्स लगाकर यातायात नियंत्रित करवाया जाएगा।