रामनगर। बाइक और साइकिल की मामूली टक्कर के बाद मारपीट हो गई। मामला दो अलग-अलग संप्रदाय का होने के कारण रामनगर में तनाव हो गया। एक पक्ष के लोगों ने कोतवाली का घेराव कर तहरीर सौंपी। एहतियातन आईआरबी और एसओजी तैनात कर दी गई।
शुक्रवार की शाम खताड़ी निवासी तीन छात्र बाइक से कोचिंग से लौट रहे थे। कोसी रोड पर उनकी बाइक साइकिल सवार युवक से भिड़ गई। बात इतनी बढ़ गई कि साइकिल सवार के पक्ष में आए कुछ युवकों और छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को तितर-बितर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अलग-अलग संप्रदायों के थे। इससे अराजक तत्वों ने मामले का अलग रंग देना शुरू कर दिया। देर शाम खबर मिलने पर छात्रों के परिजनों ने मोहल्ले वालों के साथ कोतवाली का घेराव कर दिया। वे मारपीट करने वाले युवकों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। मामले की गंभीरता को देख सीओ मिथिलेश कुमार ने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया। इस पर कोतवाली में आईआरबी तैनात कर दी गई। पुलिस ने छात्र मोहम्मद सकलेन पुत्र मोहम्मद कमर की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ 323, 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसडीएम एसएस जंगपांगी, सीओ मिथिलेश कुमार, एसओजी प्रभारी रविंद्र यादव, एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने लोगों को आश्वास्त किया कि जल्द ही मामले की जांच कर आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इनसेट------
एसपी सिटी पहुंचे रामनगर
रामनगर। बीते सात माह पहले शहर में दो संप्रदायों के बीच हुए तनाव को ध्यान में रखते हुए देर रात एसपी सिटी पंकज भट्ट भी मौके पर पहुंच गए। जहां लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि धैर्य बनाए रखें। आरोपी युवकों की गिरफ्तारी की जाएगा। अफवाह पर कोई ध्यान न दें।
---
एक दिन में ही भूले अमन का सबक
रामनगर। एक दिन पहले गुरुवार को कोतवाली में एसपी सिटी पंकज भट्ट ने अमन-चैन समिति की बैठक ली थी। इसमें सभी संप्रदाय के लोगों ने आपस में मिल-जुलकर रहने का संकल्प लिया था। शुक्रवार को बाइक-साइकिल की टक्कर के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कहां गए जिम्मेदार, जो लोगों को समझा सकें।