हल्द्वानी। नृत्य में वो सम्मोहन है जो हर किसी को बांध लेता है। ऐसा ही जादू बियरशिवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रविवार को देखने को मिला। संस्थापक दिवस पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नृत्य प्रतियोगिता हुई। जिम कार्बेट, सिंथिया, गुरुकुल, निर्मला कान्वेंट, सेंट पॉल्स, सेंट थेरेसा, गुरु तेग बहादुर, सेक्रेट हार्ट, सरस्वती एकेडमी के विद्यार्थियों ने कथक और भरतनाट्यम जैसे शास्त्रीय नृत्य की दिलकश प्रस्तुति दी।
गणेश वंदना से कार्यक्रम शुरू हुआ। सिंथिया स्कूल के कलाकारों ने ‘मौसम ने ली अंगड़ाई’ गीत पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों की भाव भंगिमा और परिधान को सराहना मिली। सरस्वती स्कूल ने ‘सर पर हिमालय का छत्र है’ गीत में नृत्य दिखाकर देश की अनेकता में एकता का संदेश दिया। कथक नृत्य में सेंट थेरेसा, निर्मला कांवेंट, सरस्वती एकेडमी क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
सेमी क्लासिकल डांस में सेंट थेरेसा, सरस्वती एकेडमी और गुरुकुल इंटरनेशनल पहले, दूसरे और तीसरे नंबर पर आए। कला प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय नंबर वन रहा। दूसरे और तीसरे स्थान पर निर्मला कांवेंट और सेंट थेरेसा रहे। आशुभाषण में निर्मला कांन्वेंट की परिधि जोशी सबसे आगे रही। दूसरे और तीसरे स्थान पर रजत और कनिका नैनवाल रही। इससे पूर्व विद्यालय प्रबंधक एच भट्ट ने स्व. एनएनडी भट्ट के चित्र के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानाचार्य डा. जीएस मेहरा, कानूनी सलाहकार भुवन भाकुनी समेत अध्यापक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद थे।