रामनगर। कार्बेट लैंडस्केप के जंगल में घायल हाथी के इलाज के लिए कार्बेट टाईगर रिजर्व के डाक्टर ने मोहान में डेरा डाल लिया है। हालांकि गीली मिट्टी से लथपथ घायल हाथी सूंड़ पर लगी चोट का प्राकृतिक उपचार भी स्वयं कर रहा है।
पखवाड़ेभर पूर्व मोहान गांव के पास दो हाथियों में आपसी संघर्ष हो गया था। इनमें से एक टस्कर के सूंड़ में दूसरे हाथी के दांत से चोट के दो गहरे निशान बन गए। सीटीआर के डा. भारत सिंह पखवाड़ेभर से कई बार विभागीय अमले के साथ हाथी के इलाज के लिए उसके पास जाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन हर बार हाथी घनी झाड़ियों में चला जाता है और फिर काफी दूर निकल जाता है। सीटीआर के निदेशक आरके मिश्रा के निर्देश पर हाथी के इलाज के लिए डा. सिंह शुक्रवार से मोहान में डेरा डाले हुए हैं। तीन प्रभाग और दो जिलों की सीमा से सटे क्षेत्र में हाथी की आवाजाही और इस समय फायर सीजन होने से सभी क्षेत्रों के वनकर्मी हाथी की निगरानी में जुटे हुए हैं। पशु चिकित्सकों ने बताया कि हाथी स्वयं चोट का प्राकृतिक उपचार कर रहा है हालांकि मानवीय उपचार से वह जल्दी ठीक हो जाएगा।