बागेश्वर। सरयू और गोमती नदी किनारे लाखों रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंचे, सेफ्टी चेन और नदी किनारे रेलिंग लगाने का काम होगा। वहीं महिलाओं की सुविधा के लिए सरयू नदी किनारे दो चेंजिंग रुम भी बनाए जाएंगे।
नगर पालिका ईओ राजेदव जायसी और पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बुधवार देर सायं सरयू और गोमती नदी किनारे निरीक्षण किया। नदी किनारे सीढ़ियों के पास तकरीबन छह लाख रुपये की लागत से सेफ्टी चेन लगाई जा रही है। बागनाथ मंदिर के पास नदी की ओर रेलिंग लगाने का काम होगा। श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए छह बेंचे लगाई जाएंगी।
वहीं आकर्षण बढ़ाने के लिए नदी किनारे तीन-चार छतरी लगाई जाएंगी, जिनके नीचे दो-दो बेंच लगाई जाएंगी। इसके अलावा शिव जी की मूर्ति के पास महिलाओं के लिए दो चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। इधर बृहस्पतिवार को काम शुरू हुआ लेकिन बारिश के चलते टल गया। ईओ जायसी ने बताया कि 2.29 लाख और करीब 3.24 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का काम है, इसे फरवरी में हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा।