हल्द्वानी। मानसून सर पर है और अब जिला प्रशासन को शहर की पेयजल व्यवस्था का जायजा लेने की फुर्सत मिली है। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने करीब छह घंटे इस समस्या के समाधान को दिये और इस दौरान कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने खराब नलकूपों को हफ्ते भर के भीतर ठीक कराने का आदेश दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट उपाध्याय ने मंगलवार को बागजाला, मंडी, जज फार्म, संगम विहार, दमुवाढूंगा क्षेत्र का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाएं जांची। खराब पड़े नलकूपों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आठ जून तक जज फार्म, दस जून तक बागजाला का खराब पंप ठीक करा दिया जाएगा। संगम विहार, दमुवाढूंगा क्षेत्र में चार इंच की पेयजल लाइन बिछाने का काम शुरू करा दिया गया है। क्षेत्र में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है। उन्होंने कोहली कॉलोनी, बिठौरिया नंबर दो में भी टैंकरों से पेयजल आपूर्ति के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सामने आई हकीकत
हल्द्वानी। मंगलवार को पेयजल समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों की समीक्षा बैठक में पेयजल हालात की हकीकत भी खुलकर सामने आई।
बैठक में नलकूप खंड के ईई डीसी सनवाल ने कहा कि कमलुवागांजा मेहता, रामड़ी जसुवा, हरकपुर क्वीरा, जगतपुर, बागजाला, जीतपुर नेगी, जज फार्म, देवलचौड़ बंदोबस्ती, देवला मल्ला, चौसला के नलकूप खराब हैं। इनमें से जीतपुर नेगी का नलकूप चार जून को शुरू हो गया है। जज फार्म, चौसला, बागजाला में नलकूपों की मरम्मत हो रही है। जगतपुर नलकूप के नौ जून तक, देवलचौड़ बंदोबस्ती के दस जून तक ठीक होेने की संभावना है। कमलवागांजा मेहता में पंप लिफ्टिंग काम चल रहा है। रामड़ी जसुवा, हरकपुर क्वीरा, देवला तल्ला का पंप वर्कशाप में है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि चौसला नलकूप की मरम्मत होनी है। कमलवागांजा मेहता में दो टैंकरों से, रामड़ी जसुवा में छह टैंकरों से, हरकपुर क्वीरा में कमलवागांजा मेहता के टैंकर से, जगतपुर में एक टैंकर से एक फेरा, बागजाला में दो टैंकरों से, जज फार्म में चार टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। देवलचौड़ खाम कोई आपूर्ति नहीं की जा रही। देवला तल्ला में बागजाला टैंकर से और चौसला में ग्रेविटी की योजना से सप्लाई दी जा रही है।