द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में ऐतिहासिक बग्वाल मेले का उद्घाटन करते हुए विधायक महेश नेगी ने कहा कि मेलों के आयोजन से परंपराएं जीवंत हो उठती हैं। इस तरह के आयोजनों से सौहार्द भी बढ़ता है। विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। इससे पूर्व भंडरगांव के थोकदार कैप्टन बहादुर सिंह भंडारी के नेतृत्व में लोगों ने ओड़ा भेंटने की रस्म निभाई। सैकड़ों लोग इस ऐतिहासिक पल का गवाह बने। सांस्कृतिक टीमों के कलाकारों ने लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से समां बांध दिया। छोलिया नृत्य मेले का मुख्य आकर्षण रहा।
मेले के दौरान सांस्कृतिक कला मंच अल्मोड़ा की टीम ने सांस्कृतिक छटा बिखेरी। ओ भिना कसिके जानूं द्वारिहाटा सहित तमाम लोकगीतों और नृत्यों ने समां बांध दिया। क्षेत्रीय लोक कलाकार प्रताप सिंह शाही टाइगर ने भी हास्य गीतों के माध्यम से लोगों को झूमने पर मजबूर किया। इससे पूर्व डॉ. दामोदर पांडे ने अभिनंदन पत्र और शिव दत्त पांडे ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। अध्यक्षता वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हरि शरण शर्मा ने की। मेला समिति के अध्यक्ष हरीश भंडारी, सचिव मनोज पांडे, कोषाध्यक्ष विमल बिष्ट, चंद्रशेखर शास्त्री, मोहन सिंह अधिकारी, प्रताप बिष्ट, पूरन कैड़ा, ममता भट्ट, ब्रांज फैक्ट्री के एलएम पांडे आदि थे।