हल्द्वानी। डाक्टरों की कमी से जूझ रहे मेडिकल कालेज और सरकारी अस्पतालों के लिए राहत की खबर है। शुक्रवार को मेडिकल कालेज में 89 डाक्टरों का साक्षात्कार कर चयन किया गया। 27 डाक्टर मेडिकल कालेज हल्द्वानी को मिलेंगे, 62 अन्य सरकारी अस्पतालों में जाएंगे। सभी डाक्टरों को नियुक्ति पत्र स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से दिया जाएगा।
मेडिकल कालेजों से लेकर विभिन्न सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों की कमी है।
मेडिकल कालेज में 90 डाक्टरों का साक्षात्कार होना था मगर एक डाक्टर की तबियत ठीक न होने के कारण साक्षात्कार नहीं हो सका। उनका साक्षात्कार अगली तिथि पर होगा। एमबीबीएस के बाद इंटरमशिप पूरी कर चुके 65 और एक वर्ष का जेआर (जूनियर रेजीडेंट) का अनुभव ले चुके 25 में से 24 डाक्टरों के साक्षात्कार हुए। 27 डाक्टर मेडिकल कालेज को मिले, जबकि अन्य 62 डाक्टर राज्य के विभिन्न जनपदों में भेजे जाएंगे।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. सीएमएस रावत ने बताया कि 62 डाक्टरों को पांच साल दुर्गम क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से सेवा देनी होगी। इनकी तैनाती ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार को छोड़कर की गई है। डा. रावत ने बताया कि सभी को नियुक्ति पत्र स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से मिलेगा। साक्षात्कार के दौरान अपर स्वास्थ्य महानिदेशक डा. प्रेमलाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बीएस राठौर, हरिमोहन उपाध्याय, अमित दुम्का आदि थे।