हल्द्वानी। शरद ऋतु शुरू होने पर डीएम विनोद कुमार सुमन ने गरीबों को गरम कपड़े दिलाने के लिए एक सामाजिक पहल की है। समाज से जुड़े लोगों से गरम कपड़े मांगे गए हैं। इन गरम कपड़ों और जूतों को जमा करने के लिए जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों को कपड़ा बैंक बनाया है। इसमें कोई भी दानदाता कपड़े जमा कर सकते हैं।
डीएम सुमन ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को कपड़ा बैंक मेें स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। क्लॉथ बैंक में कोई भी व्यक्ति अपने नए अथवा पुराने कपड़े 26, 27 दिसंबर को नजदीक के आंगनबाड़ी केंद्रों में जमा करवा सकते हैं। वस्त्र जमाकर्ताओं से अनुरोध है कि वे ऐसे गरम कपड़े साफ, अलग पैकेट में रख कर दें। कपड़ों में गर्म पैंट, शर्ट, स्वेटर, कैप, दस्ताने, जैकेट, शॉल, साड़ी, जूते इत्यादि भी जमा करें। आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी कपड़ों के साफ.सुथरे, फटे न होने होने संबंधी परीक्षण करेंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों में अलग पैकेटों में तैयार किए जाएंगे। हर पैकेट पर दानदाता का नाम अंकित किया जाएगा। उपलब्ध कपड़ों पर साइज नंबर अंकित रहेगा। 28 दिसंबर को उसी क्षेत्र में रहने वाले जिन व्यक्तियों को कपड़ों की जरूरत होगी, वे अपने नजदीक के आंगनबाड़ी केंद्र से ले सकेंगे। कपड़ों के लिए जरूरतमंद व्यक्ति साक्ष्य स्वरूप अपने साथ आधार कार्ड, वोटर कार्ड अथवा पहचान पत्र अवश्य लाएंगे। डीएम ने कहा कि समाज पर विश्वास है कि वे इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करेंगे। एक छोटा सहयोग किसी गरीब व्यक्ति की बड़ी जरूरत की पूर्ति करेगा।
गरीबों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को बनाया कपड़ा बैंक
दानदाता साफ कपड़े केंद्रों में 26 और 28 दिसंबर को जमा करेंगे
डीएम ने समाज के लोगों से सहायता के लिए किया अनुरोध