हल्द्वानी। पति की लंबी उम्र की कामना के साथ शनिवार को महिलाएं करवाचौथ का व्रत रखेंगी। करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया।
शुक्रवार को करवाचौथ पूजा की खरीदारी के लिए बाजार पूरी तरह पैक रहे। महिलाओं ने मेहंदी, टैटू से लेकर साड़ी की मैचिंग के हिसाब से आभूषणों की खरीदारी की। डिजाइनर साड़ियों के साथ ही जरीदार, गोटा लगी साड़ियां महिलाओं को भा रही हैं। सदर बाजार, मीरा मार्ग समेत शॉपिंग मॉल्स के बाहर हाथों में मेहंदी लगाने को होड़ रही। सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर में भी महिलाओं की भीड़ रही।
मेहंदी के बीच में पति का नाम पहली पसंद
करवाचौथ के लिए हाथों में मेहंदी लगाने को लेकर महिलाएं काफी उत्साहित रहती है। बसंती जीना, कंचन धामी और प्रीति नेगी ने बताया कि मेहंदी के बगैर शृंगार अधूरा सा लगता है। टैटू आर्टिस्ट संजय ने बताया कि करवाचौथ के लिए मेहंदी लगवाने पहुंच रही ज्यादातर महिलाएं मेहंदी डिजाइन के बीच में अपने पति का नाम लिखवा रही हैं। 100 रुपये से लेकर 500 रुपये में मेंहदी डिजाइन बनाए जा रहे हैं।
ब्यूटी पार्लर रहे गुलजार
करवाचौथ को लेकर महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर का रुख किया। ब्यूटीशियन गुड़िया ने बताया कि करवाचौथ को लेकर महिलाएं फेसियल, मैनीक्योर, पैडीक्योर के साथ ही हेयर ट्रीटमेंट, आईब्रो शेपिंग, वैक्सिंग, हेयर कलरिंग, स्पा ट्रीटमेंट करा रही हैं। त्योहारी सीजन में 500 रुपये से 1000 रुपये तक विशेष ब्यूटी पैक निकाले गए हैं।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहली पसंद
पारंपरिक आभूषणों की तुलना में महिलाएं आर्टिफिशियल की ओर ज्यादा आकर्षित हो रही हैं। इनमें हाई गोल्ड, ब्राइडल कुंदन, पूल की ज्वेलरी, स्टोन ज्वेलरी, कलर ज्वेलरी की खासी डिमांड है। महिलाओं के मुताबिक सोने-चांदी के चढ़ते भावों की फिक्र से अच्छा बजट के मुताबिक आर्टिफिशियल आभूषण बढ़िया विकल्प है। बाजार में 100 रुपये से पांच हजार रुपये की रेंज में कंगन, रिंग, पायल, चूड़ियां, चेन उपलब्ध हैं।