हल्द्वानी। कोटाबाग महाविद्यालय में अब जल्द ही कृषि की भी पढ़ाई होगी। स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री बंशीधर भगत के मुताबिक 13 अक्तूबर को क्षेत्र में पहुंच रहे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इसका ऐलान करेंगे। महाविद्यालय को 154 बीघा जमीन हस्तांतरित की जा चुकी है और इस वजह से महाविद्यालय में कृषि से संबंधित पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया है।
ऊंचा पुल स्थित आवास पर मीडिया से मुखातिब छह बार के विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि 13 अक्तूबर को कालाढूंगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में क्षेत्र के लिए कई योजनाओं की घोषणा संभव है। क्षेत्र में दो स्टेडियम स्थापित करने को लेकर भी बात की जा रही है। इस कार्यक्रम में जमरानी बांध को जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। जमरानी बांध के मुद्दे को वे हर मंच पर खुद भी उठाते रहे हैं। भगत के मुताबिक क्षेत्र में यह मुख्यमंत्री का पहला दौरा है और उन्हें उम्मीद है कि इस दौरे में मुख्यमंत्री क्षेत्र के लिए नई कई योजनाओं का ऐलान करेंगे। उनकी ओर से मुख्यमंत्री के सामने क्षेत्र की सड़कों, नलकूपों आदि से संबंधित मांगों को भी रखा जाएगा। विधायक के मुताबिक कोटाबाग में कृषि विषय आने से स्थानीय युवाओं को खासा फायदा होगा। महाविद्यालय के पास पहले से ही 30 बीघा भूमि है। भगत ने यह भी कहा कि वे नगर निगम सीमा में कृषि बाहुल्य क्षेत्रों को शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं।