रामनगर (नैनीताल)। पुलिस पर फायरिंग मामले में एक बदमाश पकड़ा गया तो कई बड़े खुलासे सामने आए। पंजाब का गैंग पहाड़ की शांत वादियों में लूट और अपहरण की वारदात करना चाहता था। इसके लिए उन्होंने रुद्रपुर में किराया का कमरा लिया था। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शनिवार को बताया कि 27 जुलाई की रात साढे़ दस बजे पीरूमदारा चौकी इचांर्ज राहुल राठी अपने साथी सिपाहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थ। रामनगर की ओर बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पीछे से आ रही कार में सवार युवकों ने भी पुलिसकर्मी विनीत चौहान की कार पर फायरिंग की। इसके बाद बदमाश भाग गए थे। पुलिस ने करन थापर निवासी कैनाल कालोनी, कपूर थाना चौक नंबर दो, जालंधर को रुद्रपुर मेट्रोपोलिस सिटी से 312 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस, मोटर साइकिल संख्या यूपी 20/8334 सहित सहित गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाश ने बताया उसके साथी गुरुमीत सिंह निवासी थाना हस्तीनापुर जिला मेरठ, जगदीश जग्गी निवासी बिलासपुर, रामपुर, हरजोत सिंह हैरी, जग्गा निवासी पंजाब और दो अन्य लड़के भी हैं। सभी मेट्रोपोलिस सिटी विला में दो महीने से बिलासपुर निवासी बिटटू प्रधान के वहां रहकर रेकी कर रहे थे। वे रुद्रपुर, काशीपुर, रामनगर में गैंग स्थापित करके लूट, अपहरण करना चाहते है। रामनगर और आसपास के क्षेत्रों मे अपहरण के मकसद से एक युवक से मिलने पीरूमदारा आये थे।
कई मुकदमे दर्ज हैं
एसपी सिटी श्रीवास्तव के अनुसार पकड़ा गया अभियुक्त और उसके साथी पूर्व जेल मे बंद रहे चुके है। उनके खिलाफ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी में कई मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक अपराध करने के बाद उसे फेसबुक पर अपलोड भी करते थे। अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। करन ने बताया कि 27 जुलाई की सुबह वे हैरी के भाई लाली से हल्द्वानी जेल में मिलने गए थे। वह रुद्रपुर में में अजीत अरोड़ा की होंडा सिटी और ढाई लाख रुपये की लूट के जुर्म मे बंद है। इसके बाद वे रुद्रपुर आ गए। वहां से पीरूमदारा आए। वहां वह लड़का नहीं मिला जिससे अपहरण के बारे में बात करनी थी।
ये थे टीम में
खुलासा करने वाली टीम मे कोतवाल विक्रम सिंह राठौर, मुखानी थानाध्यक्ष कमाल हसन, उपनिरीक्षक राहुल राठी, एसआई कश्मीर सिंह, कास्टेबिल विनीत चौहान, शाहिद अली, जगवीर सिंह, जगपाल सिंह, लखविंदर सिंह, मनमोहन सिंह, उपेंद्र सिंह शामिल हैं। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने पुलिस टीम को पच्चीस सौ रुपये इनाम की घोषणा की है।