राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को एनएचआरएम के तहत ब्लड बैंक के टेक्नीशियन और डाटा एंट्री ऑपरेटर के दो पदों के लिए हुए साक्षात्कार में हंगामा हो गया। अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि चयन कमेटी ने मानकों के विपरीत मनमाने ढंग से पहले ही अभ्यर्थियों का चयन कर लिया है।
एनएचआरएम के अंतर्गत ब्लड बैंक में टेक्नीशियन और डाटा एंट्री ऑपरेटर के दो पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया था। इसके लिए चयन कमेटी ने अभ्यर्थियों को शनिवार को साक्षात्कार के लिए मेडिकल कॉलेज में बुलाया था।
साक्षात्कार के दौरान दोपहर बाद कुछ अभ्यर्थियों ने मनमानी का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना था कि टेक्नीशियन पद चयन के लिए अभ्यर्थी का पैरामेडिकल में रजिस्ट्रर्ड होने की अनिवार्यता के साथ ही तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए लेकिन चयन कमेटी ने इन नियमों की अनदेखी की है।
हंगामा करने के बाद अभ्यर्थी साक्षात्कार छोड़कर चले गए। इस बारे में सीएमओ डॉ. एचके जोशी और एसटीएच के एमएस डा. पांडेय से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका मोबाइल फोन नहीं उठा।
एनआरएचएम में नियुक्तियों में गड़बड़ी की कोई शिकायत उन्हें नहीं मिली है लेकिन अगर अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों की कोई शिकायत प्रशासन के पास आएगी तो उसकी जांच अवश्य कराई जाएगी। इस बारे में सीएमओ से भी जानकारी की जाएगी।
- प्रकाश चंद्र, प्रभारी जिलाधिकारी