हल्द्वानी/रामनगर (नैनीताल)। रविवार को वानिकी दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के संपर्क में आए 80 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। पांच दिन बाद सभी के सैंपल लेकर कोविड जांच के लिए भेजे जाएंगे।
कोटाबाग में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत के कार्यक्रम में मौजूद विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मदन जोशी, नरेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश नैनवाल सहित तमाम नेताओं को एसडीएम विजयनाथ शुक्ल ने फोन कर आइसोलेट होने को कहा। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन के पास हैलीपेड और मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं की सूची है। कार्यकर्ताओं का आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाएगा। कोविड के नोडल अधिकारी प्रशांत कौशिक ने बताया कि मंच पर 21 लोगों समेत 80-90 लोग सीएम के संपर्क में आए थे। गिरिजा मंदिर में पूजा अर्चना कराने वाले पुजारी को भी आइसोलेट होने को कहा जाएगा। मुख्यमंत्री ढिकुली में भी भाजपा के कद्दावर नेताओं के घर गए थे। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि अगर कोई पॉजिटिव आएगा तो उसके संपर्क में आए लोगों की तलाश कर उनकी भी जांच की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों में मचा हड़कंप
रामनगर। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच पर पीसीसीएफ राजीव भरतरी, सीटीआर निदेशक राहुल, डीएफओ यूसी तिवारी, उपनिदेशक कल्याण, पार्क वार्डन आरके तिवारी सहित अन्य वन अधिकारी मौजूद थे। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने कई लोगों को सम्मानित भी किया था।
भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य जो भी मुख्यमंत्री के संपर्क में आये हों, वे नियमानुसार आइसोलेट हो जाएं ताकि सभी का बचाव हो सके। किसी में कोरोना के लक्षण आए तो वह तत्काल स्वास्थ्य महकमे से संपर्क करे।
-धीराज सिंह गर्ब्याल, डीएम।