हल्द्वानी। उत्तराखंड कोऑपरेटिव डेरी फेडरेशन (यूसीडीएफ) के अध्यक्ष और एमडी फेडरेशन की गाड़ी अधिग्रहण को लेकर आमने-सामने आ गए हैं। अध्यक्ष रेखा देवी ने एमडी प्रकाश चंद पर सरकारी वाहन छीनने और चुनाव आचार संहिता के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया है। एमडी प्रकाश चंद्र ने आदर्श आचार संहिता के पालन की बात कही है।
अध्यक्ष रेखा देवी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लगते ही एमडी प्रकाश चंद्र ने चालक से अध्यक्ष के सरकारी वाहन की चाबी ले ली। उन्होंने कहा कि जबकि चुनाव आचार संहिता में लिखा है कि संस्था के अध्यक्ष या प्रतिनिधि गाड़ी का प्रयोग ऑफिस से घर और घर से ऑफिस तक कर सकता है। उन्होंने कहा कि एमडी की ओर से उन्हें घर से ऑफिस और ऑफिस से घर तक भी गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने एमडी प्रकाश चंद पर मंत्री के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है।
उधर, एमडी प्रकाश चंद्र का कहना है कि वह चुनाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए दिल्ली गए हैं। मामला उनके संज्ञान में है। ऑफिस से शासकीय आवास तक जाने के लिए वाहन अनुमन्य होता है। वर्तमान में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रबंधकारिणी की वह अध्यक्ष हैं, इन दिनों उससे संबंधित काम भी नहीं हो रहे हैं।
अब गाड़ी को लेकर अध्यक्ष और एमडी में महाभारत
यूसीडीएफ : अध्यक्ष ने जबरन गाड़ी खड़ी कराने का लगाया आरोप, एमडी बोले आचार संहिता लगी है
मेयर सहित कई संस्था अध्यक्षों के वाहन छीने
हल्द्वानी। आदर्श आचार संहिता लगते ही नगर निगम के मेयर सहित कई संस्थाओं के अध्यक्ष के सरकारी वाहन अधिकारियों ने खड़ा करा दिए हैं। नगर आयुक्त चंद्र सिंह मर्तोलिया ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लगते ही मेयर जोगेंद्र रौतेला ने वाहन को निगम कार्यालय में खड़ा करा दिया है।