हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने मानक पूर्ण न करने वाले करीब 160 स्टडी सेंटर बनने की तैयारी पूरी कर ली है। क्षेत्रीय सेवाएं विभाग ने स्टडी सेंटरों की सूची तैयार कर विश्वविद्यालय प्रशासन को भेज दी है। इस पर अब केवल कुलपति की संस्तुति होनी बाकी है, इसके बाद मानक पूरे न करने वाले स्टडी सेंटरों को बंद करने के आदेश जारी हो जाएंगे।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने यूओयू को निर्देशित किया है कि अब वही स्टडी सेंटर संचालित किए जाएं जिन्हें किसी विश्वविद्यालय से संबद्धता मिली हो। इतना ही नहीं यूजीसी ने यूओयू को यहां तक हिदायत दी है कि अगर बिना मानक के स्टडी सेंटर संचालित किए गए तो मुक्त विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों के साथ ही विश्वविद्यालय की मान्यता भी रद्द कर दी जाएगी। इसको लेकर यूओयू में खलबली मची है।
यूओयू ने सभी स्टडी सेंटर संचालकों को पिछले दिनों पत्र भेजकर 31 दिसंबर तक हर हाल में किसी विश्वविद्यालय से संबद्धता का प्रमाणपत्र जमा करने को कहा था लेकिन इंटर कालेजों या दुकानों में चल रहे स्टडी सेंटर संचालक प्रमाणपत्र नहीं दे सके। मानक पूर्ण न करने वाले स्टडी सेंटरों की जांच पड़ताल का काम क्षेत्रीय सेवाएं विभाग ने पूरा कर लिया है तथा सूची तैयार कर ली है।