अल्मोड़ा। प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्त शिक्षा मित्रों को निर्धारित मानदेय से अधिक पैसा दे दिया गया। प्रत्येक शिक्षा मित्र को 41 हजार 300 रुपये अधिक भुगतान हुआ है। अब शिक्षा विभाग ऐसे शिक्षा मित्रों से वसूली की कार्रवाई अमल में लाने की तैयारी कर रहा है। अपर निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) वीएस रावत ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (प्रारंभिक शिक्षा) को पत्र भेजकर ऐसे शिक्षा मित्रों की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अकेले अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड में ही 29 शिक्षा मित्रों को अधिक भुगतान किया गया है।
2015 में अल्मोड़ा जिले में भी 182 शिक्षा मित्रों को प्राथमिक विद्यालयों में तैनाती मिली। इनमें से टीईटी उत्तीर्ण और आवश्यक अर्हता पूर्ण करने के बाद 73 शिक्षा मित्र नियमित हो गए हैं। शेष 109 शिक्षा मित्रों ने डीएलएड तो किया है, लेकिन अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण नहीं की है। इससे वे नियमित नहीं हो पाए हैं। औपबंधिक रूप से तैनात ये शिक्षा मित्र जिले के विभिन्न विकासखंडों में तैनात हैं।
एकमात्र सल्ट ब्लॉक में औपबंधिक रूप से तैनात 29 शिक्षा मित्रों के मानदेय में वहां के आहरण वितरण अधिकारी/ उप शिक्षा अधिकारी ने 2016, 2017 और 2018 में तीन बार वृद्धि कर दी, जो नियमानुसार गलत है। प्रत्येक शिक्षा मित्र को तीन साल में 41 हजार 300 रुपये अधिक भुगतान हुआ है।
सल्ट ब्लॉक के ऐसे 29 शिक्षा मित्रों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) कार्यालय पहुंच गई है। इधर प्रदेश के अपर शिक्षा निदेशक (प्रारंभिक) वीएस रावत ने ऐसे शिक्षा मित्रों की सूचना संकलित कर 25 जनवरी तक शासन को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।