हल्द्वानी। गौला पार नगर निगम के ट्रंचिंग ग्राउंड के कूड़े में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी आग लगाई गई। सैकड़ों टन कूड़ा जलाया गया। कूड़ा जलने से उठे धुएं से ट्रंचिंग ग्राउंड के आसपास की बस्तियों वालों की जीना मुहाल हो गया, वहीं जहरीली गैसों से पर्यावरण को भी नुकसान हुआ। हालांकि नगर निगम का दावा है कि आग लगाने वाले को पकड़ने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
बृहस्पतिवार को नगर निगम के गौला पार वन भूमि में दूसरे दिन भी कूड़े में आग लगाई गई। जबकि उच्च न्यायालय के सख्त निर्देश है कि कूड़े में आग न लगाई जाए बल्कि इसका निस्तारण किया जाए। बुधवार को ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े में आग लगाई गई थी। आशंका जताई जा रही थी कि यहां कई अस्पतालों का जैव चिकित्सकीय कचरा फेंका जाता है, जिसके पर्चे मिलने पर इनके खिलाफ कार्रवाई होने के भय से कूड़े में आग लगाई गई है। इसमें आग लगने पर बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है तो धुएं से इंदिरानगर, बनभूलपुरा, उजाला नगर, गौलापार के गांवों के क्षेत्रवासियों को सांस लेने में दिक्कतें हुईं। इधर नगर निगम को दूसरे दिन भी यह सूचना नहीं थी कि आखिर आग किसने और कैसे लगाई है। हालांकि सफाई निरीक्षक ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर सौंप कर आग लगाने वाले को चिह्नित करने की मांग की थी। अब नगर निगम वहां सीसीटीवी लगाने की तैयारी कर रहा है ताकि आग लगाने वाले को पकड़ा जा सके। अब यह कार्रवाई कब तक पूरी होगी यह भी तय नहीं है।
पुलिस को इसकी लिखित सूचना दी गई है। फिर भी आग लग रही है, अब ट्रंचिंग ग्राउंड में सीसीटीवी लगाया जाएगा ताकि कूड़े में आग लगाने वाले को चिह्नित किया जा सके।
- हरबीर सिंह, नगर निगम नगर आयुक्त।