हल्द्वानी। मंडी पुलिस ने तीनपानी से सोमवार की शाम एक किराना व्यवसायी को 280 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि वह दुकान की आड़ में चरस का धंधा कर रहा था। पूछताछ से पता चला कि उसे पहाड़ के युवक ने चरस लाकर दी थी।
मंडी चौकी प्रभारी दिनेश नाथ मंहत को सूचना मिली कि एक दुकानदार किसी को चरस बेचने के लिए तीन पानी के रास्ते से जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकानदार को तीन पानी से 280 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया दुकानदार पवन कुमार प्रजापति सावित्री कालोनी मंगलपड़ाव में रहता है। उसकी केमू स्टेशन के सामने किराना की दुकान है। पुलिस का कहना है कि उसे किस युवक ने चरस दी थी इस बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। वह कितने दिनों से यह धंधा कर रहा है, इस बारे में भी मुंह खोलने को तैयार नहीं है।
17 तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है मंडी पुलिस
मंडी चौकी प्रभारी का कहना है कि एसएसपी जन्मेजय खंडूरी द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान उन्होंने 15 लोगों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो लोग चरस के साथ पकड़े गए हैं। पुलिस के डर के चलते स्मैक तस्करों ने बरेली रोड का रास्ता बदल लिया है। अब तस्कर बाइक या ट्रेन से आ रहे हैं। पुलिस तस्करों की तलाश करने के लिए बरेली से आने वाली बसों को चेकिंग करती है।