एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए बुधवार को प्रत्याशियों ने नैनीताल रोड पर जुलूस निकाल शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रत्याशियों के समर्थकों ने नैनीताल रोड पर रोड शो के नाम पर जमकर हुड़दंग किया। इस कारण हाइवे पर कई बार जाम लगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल विद्यार्थी परिषद से कुलदीप कुल्याल और एनएसयूआई से मीमांशा आर्या ने नामांकन कराया है। उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष (छात्रा), सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया जबकि कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए 28, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर 11 तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर 10
प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस तरह कुल 68 प्रत्याशियों द्वारा पर्चे भरे गए। कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया बुधवार को सुबह दस बजे शुरू हुई। पूर्वाह्न 11 बजे के बाद प्रत्याशी जुलूस के साथ नैनीताल रोड पर पहुंचने शुरू हुए तो हाइवे पर जाम लग गया।
पुलिस फोर्स को प्रत्याशियों के जुलूसों को ठंडी सड़क की ओर डायवर्ट कर यातायात सुचारु कराना पड़ा। कॉलेज परिसर में नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के जुलूस लेकर जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। कॉलेज के मध्य गेट पर तैनात प्राध्यापकों की टीम प्रत्याशियों के साथ अनुमोदक और प्रस्तावक को ही नामांकन करने के लिए कॉलेज परिसर में जाने दे रही थी।
प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. डीसी पंत ने बताया कि छात्रसंघ कार्यकारिणी के दस पदों के लिए अपराह्न दो बजे तक कुल 68 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र भरे गए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान चीफ प्राक्टर डॉ. एएस उनियाल, डॉ. हेमंत शुक्ला, डॉ. महेश कुमार, डॉ. एपी सिंह, निर्वाचन अधिकारी डॉ. एमएस मनोला, डॉ. नवीन भगत, डॉ. सीएस जोशी, डॉ. बीआर पंत, डॉ. रश्मि पंत, डॉ. लीला तिवारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला बबली नामांकन व्यवस्था संभालने में रहे। इधर, नामांकन के दौरान कालेज परिसर में प्रत्याशियों के बीच कोई विवाद न हो, इसके लिए नामांकन स्थलों पर भी प्रशासन ने पुलिस फोर्स तैनात किया था।
इन्होंने कराया नामांकन
अध्यक्ष : एबीवीपी से कुलदीप कुल्याल और एनएसयूआई से मीमांशा आर्या
उपाध्यक्ष (छात्र): पंकज सूर्या, अभिलाष कांडपाल, सागर अधिकारी, राहुल सिंह बोरा
उपाध्यक्ष (छात्रा): नेहा बिष्ट
सचिव : हिमांशु सैलानी, देवेंद्र सिंह मेहरा
संयुक्त सचिव: ऋषभ भारती, प्रकाश पनेरू, यतिन जोशी
कोषाध्यक्ष : रोहित रावत, रोहन मेहता, आशीष कुमार, आदित्य सिंह डसीला
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि: शिवानी बिष्ट, गायत्री दुर्गापाल, अंकिता
कला संकाय प्रतिनिधि: 28 प्रत्याशी
विज्ञान संकाय प्रतिनिधि: 11 प्रत्याशी
वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि: 10 प्रत्याशी