हल्द्वानी। बिना सामने का शीशा लगी बस दिल्ली से हल्द्वानी भेज दी। इससे 30 यात्रियों की जान जोखिम में बन आई। यात्रियों की शिकायत के बाद भी आरएम ने बस नहीं बदलवाई।
शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे आईएसबीटी से हल्द्वानी डिपो की बस हल्द्वानी के लिए चली। इसमें तीस सवारियां बैठी थीं। जैसे ही बस चलने लगी तो आगे से हवा और धूल आने लगी। जब यात्रियों ने देखा तो बस का फ्रंट शीशा नहीं था। उन्होंने इसकी शिकायत आरएम रोडवेज यशपाल सिंह से की, लेकिन बस नहीं बदलवाई गई। शीशा नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। बस के सही सलामत हल्द्वानी पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
अनफिट बस दिल्ली से हल्द्वानी दौड़ाई
यात्रियों की शिकायत के बाद भी नहीं बदली गई बस
30 यात्रियों की जान जोखिम में डाली
कांग्रेस सेवा दल आज आरएम का करेगा घेराव
बस में आ रहे कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ नेता राजेंद्र दुर्गापाल ने बताया कि बस का शीशा नहीं होने से परेशानी हुई। आरएम यशपाल सिंह से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत भी की है। कहा कि शनिवार को कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता आरएम का घेराव करेंगे।
चालक-परिचालक को काम से रोका
रोडवेज के आरएम यशपाल सिंह ने कहा कि उनके पास फोन आया था। चालक-परिचालक को ऐसी बस नहीं लानी चाहिए थी। उन्हें काम पर जाने से रोक दिया है। शनिवार को चालक-परिचालक और एआरएम को जांच के लिए आरएम ऑफिस पर बुलाया गया है। इसके बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।