नैनीताल। अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स के तहत आर्य समाज मंदिर में 15 गांवों की सैकड़ों महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण की शपथ ली। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं पर खुलकर बात की। महिलाओं ने ‘संगठन में शक्ति है, सारी दुनिया झुकती है’ जैसे जोश भरने वाले नारे भी लगाए। समाज सेविका कंचन भंडारी ने कहा कि एकता में शक्ति है। महिलाएं एक रहकर अपना जीवन बेहतर बना सकती हैं। इस दौरान ज्योलीकोट, गेठिया, खुर्पाताल, खमोरी, रौखड़, मंगोली, गैरीखेत, बेतालघाट, सिमलखा, खलाड़, बसगांव, तड़ी, घटगढ़ की महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थीं।
‘संगठन में शक्ति है, सारी दुनिया झुकती है’
आर्य समाज मंदिर में सैकड़ों महिलाओं ने ली अपराजिता की शपथ
बोलीं, महिलाएं
आज कई महिलाएं ऐसी हैं, जो अपने अधिकार नहीं जानती हैं। अब समय आ गया है कि सभी महिलाएं अपने अधिकारों को जानें और उनका प्रयोग करके जीवन को सफल बनाएं। -प्रेमा कनवाल, उप प्रधान, खुर्पाताल।
आज महिलाएं सुविधाओं के लिए तरस रही हैं। उन्हें वह सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं, जिसकी वह हकदार हैं। यहां तक कि उन्हें शिक्षा से भी दूर रखा जाता है। सरकार भी बेटियों को कुछ खास सुविधाएं नहीं दे रही हैं। -मुन्नी देवी, बेतालघाट।
महिलाओं को स्थिर रहना होगा। अपने अधिकारों का खुद प्रयोग करना होगा। वह किसी के दबाव में काम न करें, जो उन्हें सही लगे वही कार्य करें। वोट भी स्वेच्छा से डालें। - किरन मेहरा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, मंगोली।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खेती किसान और बागवानी पर ध्यान देना चाहिए। यह उनकी आय का अच्छा जरिया बन सकता है। सरकार को चाहिए कि वह महिलाओं को खेती किसानी करने में मदद करे। -नीमा जोशी, आशा कार्यकत्री, खमारी।
महिलाओं को कानून की जानकारी होनी चाहिए, ताकि समय आने पर वह कानून का प्रयोग कर अपना अधिकार हासिल कर सकें। बेटियों को शिक्षित किया जाए, ताकि वह महिला कानूनों के विषय में जानकारी हासिल कर सकें। -शोभा नैनवाल, बेतालघाट।