हल्द्वानी/नैनीताल। केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय और डाक विभाग की ओर से बुधवार को काठगोदाम के उप डाकघर और नैनीताल के मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र शुरू हो गए। पहले ही दिन 11 लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। काठगोदाम में 10 लोगों ने आवेदन किया, जिनमें से 9 के आवेदन सही पाए गए जबकि नैनीताल में सिर्फ एक आवेदन हुआ। कुमाऊं में अल्मोड़ा, रुद्रपुर में पहले ही पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले गए हैं। तीन मार्च को रुड़की में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाएगा। इसके अलावा श्रीनगर में भी एक पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाना प्रस्तावित है। इसकी तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
दोनों केंद्रों का शुभारंभ सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने किया। उन्होंने कहा कि कुमाऊं द्वार काठगोदाम हल्द्वानी में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाना ऐतिहासिक है। मोदी सरकार हर सुविधा लोगों के घर तक पहुंचा रही है। इसी कड़ी में पासपोर्ट सेवा केंद्र आपके पास आ गया है। अब लोगों को देहरादून और बरेली के चक्कर लगाकर धन और समय की बर्बादी नहीं होगी। लोगों को घर बैठे यह सुविधा मिलने लगेगी। उन्होंने यह भी कहा सरकार पंतनगर से देहरादून के बाद अब पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में भी हवाई सेवा शुरू करने जा रही है। संचालन सहायक डाक अधीक्षक नैनीताल आरके बिनवाल ने किया। पोस्ट मास्टर जनरल विनय कुमार तिवारी ने कहा कि आज देश में लोगों का जीवन स्तर उन्नत होने से पासपोर्ट आम जन की आवश्यकता हो गई है इसीलिए सरकार पासपोर्ट सेवा को जनसेवा का रूप दे रही है।
डॉ. निरंजना ने किया पहला आवेदन
काठगोदाम पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन अवसर पर पहले पासपोर्ट के लिए रामनगर निवासी डॉ. निरंजना पंत ने आवेदन किया। उन्हें सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने आवेदन की रसीद सौंपी। दूसरे नंबर पर लाइन नंबर नौ निवासी नाजिश ने भी पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। डॉ. निरंजना ने बताया कि उनके भाई और बहन बोस्टन (अमेरिका) में हैं। पासपोर्ट नहीं होने से वह विदेश नहीं जा पा रहीं थीं। नैनीताल पासपोर्ट केंद्र में प्रथम पंजीकरण कराने वाले पंकज पालीवाल को पंजीयन प्रमाण पत्र सौंपा।
बच्चों का एक हजार, बुजुर्गों का 1350 में बनेगा पासपोर्ट
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा ने बताया कि पहली बार पासपोर्ट बनाने पर आठ से 15 वर्ष तक के बच्चे का पासपोर्ट 900 रुपये में और दूसरी बार बनाने पर एक हजार रुपये में बनेगा। 15 वर्ष के ऊपर के लोगों का पासपोर्ट 1500 रुपये में बनाया जाएगा जबकि 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का पासपोर्ट 10 प्रतिशत कम राशि यानी 1350 रुपये में बनेगा। प्रदेश का कोई भी व्यक्ति किसी भी पासपोर्ट दफ्तर से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकता है।
20 से 25 दिन में पहुंच जाएगा पासपोर्ट
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा ने बताया कि आवेदक को आवेदन करने के 20 से 25 दिन के भीतर पासपोर्ट उसके घर के पते पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। उसे पासपोर्ट के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
नहीं आए तीन विधायक
काठगोदाम में पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन मौके पर लालकुआं विधायक नवीन दुम्का, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और रामनगर विधायक दीवान सिंह बोहरा को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन यह तीनों विधायक समारोह स्थल पर नहीं आए।