हल्द्वानी। देर से ही सही खेल विभाग ने प्रदेश में अगले साल नवंबर-दिसंबर में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए कमेटी बना दी है। जल्द ही देहरादून में इसके लिए राष्ट्रीय खेल सचिवालय खोला जाएगा, जहां से यह कमेटी कार्य करना शुरू करेगी। खेल सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि कमेटी में शामिल सदस्यों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अब ये लोग अपनी उप कमेटियां बनाकर राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों को और तेज रफ्तार देंगे।
खेल सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में खेल निदेशालय के अधिकारियों के साथ देहरादून में हुई बैठक में राष्ट्रीय खेल को लेकर आयोजन कमेटी बनाई गई। इसमें धमेंद्र भट्ट उपनिदेशक खेल, अजय कुमार अग्रवाल उपनिदेशक युवा कल्याण विभाग, नितिन उपाध्याय सहायक निदेशक सूचना विभाग, विजय प्रताप सिंह सहायक निदेशक लेखा परीक्षा विभाग, प्रिंस विपिन कोच एवं कॉर्डिनेटर भारतीय खेल प्राधिकरण, स्पोर्ट्स ऑफिसर पुलिस मुख्यालय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अख्तर अली जिला क्रीड़ा अधिकारी नैनीताल, नीरज गुप्ता सहायक निदेशक खेल, शक्ति सिंह उपनिदेशक युवा कल्याण विभाग को शामिल किया गया है।
ये काम करेगी आयोजन कमेटी
विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, खेलों में समन्वय, प्रचार-प्रसार को लेकर प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से समन्वय, उत्तराखंड राज्य का पदक तालिका में उच्च स्थान दिलाए जाने की कार्ययोजना बनाना, प्रशिक्षकों में समन्वय, राष्ट्रीय खेल सचिवालय की स्थापना, अवस्थापना विकास, खेल गांव, भारत के खेल मंत्रालय से समन्वय, राष्ट्रीय खेलों से संबंधित प्रशासकीय कार्य समेत अन्य कार्य शामिल हैं।
अगले साल नवंबर-दिसंबर में होने वाले 38 वें राष्ट्रीय खेल को लेकर प्रदेश में आयोजन कमेटी गठित कर दी गई है। जल्द ही राष्ट्रीय खेल सचिवालय और टेक्निकल कमेटी भी गठित कर ली जाएगी।
-शैलेश बगौली खेल सचिव