नैनीताल। राजभवन के गोल्फ कोर्स में शनिवार को भी 14वें गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता जारी रही। प्रतियोगिता में दूसरे दिन देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे 55 गोल्फर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दूसरी ओर अब तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन 29 मई को सायं 4 बजे से राजभवन के ‘बॉल रूम’ में आयोजित एक समारोह में होगा। जिसमें विजेता गोल्फर्स को राज्यपाल डॉ. कृष्ण कांत पॉल द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा।
दो दिनों के भीतर टूर्नामेंट में कुल 118 खिलाड़ी प्रतिभाग कर चुके हैं। आज के खेल में कट ऑफ लिस्ट के आधार पर अंतिम दौर में पहुंचे 47 खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी को स्ट्रोक प्ले के आधार पर बेस्ट गोल्फर घोषित किया जायेगा। टूर्नामेंट में निष्पक्ष निर्णयों व पारदर्शिता के लिए राजभवन गोल्फ क्लब ने इंटरनेशनल गोल्फ यूनियन द्वारा नियुक्त अनुभवी रेफरी राजेश जयरथ को लिया है। जिनके द्वारा गोल्फर्स के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न श्रेणी के विजेता घोषित किए जायेंगे।
प्रतियोगिता की वजह से शनिवार सुबह से ही राजभवन परिसर में काफी चहल-पहल देखी गई। राजभवन गोल्फ क्लब के सचिव डॉ. वाईएस रावत, कैप्टन (रिटायर्ड) हरीश साह समेत अन्य क्लब के सदस्य प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे रहे। राज्यपाल की राय के मुताबिक शाम को खेल समाप्ति के बाद देश के विभिन्न राज्यों से आये गोल्फर्स के लिए राज्य अतिथि गृह नैनीताल के शैले हॉल (बींससमज भं्सस) में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने नृत्य एवं गायन कला के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की प्रस्तुति दी।