हल्द्वानी ताज चौराहे से गौलापार तक टेंपो का संचालन दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को टेंपो चालक परिवहन मंत्री यशपाल आर्य की शरण में पहुंचे। उन्होंने नए परमिट जारी न होने तक वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। परिवहन मंत्री ने उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के साथ ही क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण (आरटीए) की अगली बैठक में नए परमिट दिलवाने का आश्वासन दिया।
27 जुलाई को बनभूलपुरा थाने के पास टेंपो की चपेट में आने से छात्र की मौत के बाद प्रशासन ने इस मार्ग पर बगैर परमिट संचालित टेंपो का संचालन बंद करवा दिया था। साथ ही ताज चौराहे से अवैध स्टैंड को हटाकर गौलापार शिफ्ट कर दिया था। इस मार्ग पर टेंपो को परमिट देने और संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग को लेकर टेंपो चालक और भाजपाई सोमवार सुबह परिवहन मंत्री यशपाल आर्य के छड़ायल स्थित आवास पहुंचे। गौलापार टेंपो यूनियन के अध्यक्ष डीके पांडे ने कहा कि गौलापुल के निर्माण से पहले इस मार्ग पर टेंपो नहीं चलते थे, लेकिन पुल निर्माण के बाद इस मार्ग पर टेंपो चल रहे हैं। गौलापार, कुंवरपुर और खेड़ा के सैकड़ों लोग इस मार्ग पर आवाजाही के लिए टेंपो पर निर्भर हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि आरटीओ राजीव मेहरा टेंपो चालकों के साथ बैठक कर संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था बनाएंगे। इस दौरान महेश पंत, प्रताप बिष्ट, नितिन भट्ट, राजेंद्र तिवारी, प्रकाश गजरौला, पप्पू सिनौरी, लाल बरगली, भुवन बोरा, भुवन भगत, महेश पंत, त्रिलोक आर्या, नितिन भट्ट, चंदन बेलवाल, नारायण सिंह आदि शामिल रहे।