हल्द्वानी। लीसा डिपो हनुमानगढ़ी से 515 टिन लीसा लेकर बागेश्वर को निकला ट्रक से लीसा गायब हो गया। वन विभाग की टीम ने हल्द्वानी से खाली ट्रक बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को ट्रक (यूके04सीबी4514) हनुमानगढ़ी लीसा डिपो से 515 टिन लीसा लेकर बागेश्वर को चला था। लेकिन यह ट्रक शुक्रवार को बागेश्वर नहीं पहुंचा तो डीएफओ हल्द्वानी ने इसकी जांच वन विभाग हल्द्वानी रेंज की एसओजी को सौंपी। एसओजी ने जब ट्रक की तलाश की तो यह ट्रक सागर केमिकल बिठौरिया नंबर एक के परिसर में खड़ा था। लेकिन ट्रक से लीसा गायब था। उधर ट्रक चालक का कहना था कि उसने यह लीसा बागेश्वर में उतार दिया है।
उधर, वन विभाग की एसओजी ने ट्रक को सीज कर वन परिसर तिकोनिया में खड़ा कर दिया है। उधर एसओजी ने इसकी जांच भी शुरू कर दी है। एसओजी इंचार्ज कैलाश चंद्र गुणवंत ने बताया कि नियमानुसार लीसा परिवहन प्रपत्र में वाहन चालक को हर वन बैरियर से मोहर लगानी होती है। लेकिन वाहन चालक ने सिर्फ रानीबाग के पास के ही बैरियर से मोहर लगाई। इसके बाद वाहन स्वामी वाहन को लेकर वापस हल्द्वानी आ गया। उसने इस लीसे को हल्द्वानी में कहीं और उतार दिया। कहा कि डीएफओ हल्द्वानी के आदेश में इसकी जांच की जा रही है।